मशहूर गायिका तीजन बाई और ममता चंद्राकर को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, राष्ट्रपति के हाथों मिलेगा सम्मान

पढ़े पूरी खबर

Update: 2022-11-26 14:23 GMT

फाइल फोटो 

राजनांदगांव: खैरागढ़ जिले के इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति और छत्तीसगढ़ की मशहूर लोक गायिका ममता चंद्राकर को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से नवाजा जाएगा. छत्तीसगढ़ के राज्य गीत अरपा पैरी के धार को स्वर देने वाली लोक गायिका पद्मश्री ममता चंद्राकर का चयन संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार के लिए किया गया है. साथ ही मशहूर पंडवानी गायिका तीजन बाई को भी संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.
राष्ट्रीय संगीत नृत्य और नाटक अकादमी नई दिल्ली की सामान्य परिषद ने पुरस्कार की घोषणा की है. संगीत नाटक अकादमी ने देशभर से मिली प्रविष्टियों में से अलग-अलग श्रेणियों में 128 श्रेष्ठ कलाकारों और संगीत साधकों को पुरस्कारों के लिए चुना है. यह पुरस्कार वर्ष 2019, 2020 और 2021 के लिए दिए जाएंगे.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में देश के अन्य कलाकारों के साथ राज्य की इन दोनों विभूतियों ममता चंद्राकर और तीजन बाई को सम्मानित करेंगी। संगीत नाटक अवॉर्ड के रूप में ममता चंद्राकर को 1 लाख रुपए और ताम्रपत्र प्रदान किया जाएगा।
खैरागढ़ संगीत कला विश्वविद्यालय की कुलपति ममता चंद्राकर वर्तमान में राजनांदगांव जिले में निवासरत हैं। उन्हें 2016 में पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं तीजन बाई वर्तमान में भिलाई स्थित गनियारी में निवासरत हैं। तीजनबाई को पद्मविभूषण से सम्मानित किया जा चुका है। फेलोशिप के लिए देशभर से 10 कलाकारों के नाम शामिल किए गए हैं। तीजन बाई को हाल ही में श्री सत्य साईं शक्ति वुमन आफ एक्सीलेंस अवॉर्ड-2022 से सम्मानित किया जा चुका है।
Tags:    

Similar News