Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां छोटे साले और भाभी ने मिलकर अपने जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम फरसाटोली की है। मृतक की पहचान मुरली राम यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसने गांव की ही सोनिया यादव से प्रेम विवाह किया था। जानकारी के अनुसार 30 मार्च को उसके बेटे के जन्मदिन के अवसर पर घर में एक पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इसी दौरान रात करीब 11 बजे मुरली राम शराब के नशे में अपनी पत्नी के मायके पहुंचा। वहां उसका छोटे साले शिवकुमार यादव (35 वर्ष) और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव (37 वर्ष) से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर मुरली राम को जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान मिथिला यादव ने डंडे से भी हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मुरली राम किसी तरह अपने घर लौट आया, लेकिन अगले दिन उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतबा पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ओडिशा के सुंदरगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान 4 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतक की मौत का कारण सीने में गंभीर चोटें थीं, जो मारपीट के दौरान लगी थीं। इसके बाद कोतबा चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों शिवकुमार यादव और मिथिला यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। घटना में प्रयुक्त डंडा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला पारिवारिक विवाद से शुरू हुआ था, लेकिन समय पर नियंत्रण न होने के कारण यह हत्या तक पहुंच गया। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद को हिंसा में न बदलें और समय रहते प्रशासन को सूचना दें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद की असली वजह क्या थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।