Takhatpur तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोड़े में दर्दनाक हादसा सामने आया है। बिजली गुल होने के बाद चिमनी जलाकर सोई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। सुबह काफी देर तक महिला के कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजन अंदर पहुंचे तो वह जली हुई अवस्था में जमीन पर पड़ी मिलीं। सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान ग्राम मोड़े निवासी 70 वर्षीय शाहीन बाई पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला अपने घर में रात को सोने गई थीं। क्षेत्र में बिजली बंद होने के कारण उन्होंने रोशनी के लिए चिमनी जलाई थी। परिजनों के मुताबिक वह अक्सर चिमनी को अपने बिस्तर के पास रखकर सोती थीं।
घटना वाली रात भी उन्होंने चिमनी जलाई और इसके बाद सो गईं। आशंका जताई जा रही है कि रात में किसी तरह जलती हुई चिमनी से आग फैल गई और महिला इसकी चपेट में आ गईं। आग किस तरह लगी और चिमनी कैसे गिरी, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि रात में परिवार के अन्य सदस्यों को घटना का पता नहीं चल सका। सुबह होने के बाद काफी समय तक शाहीन बाई अपने कमरे से बाहर नहीं निकलीं। इससे परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्यों ने जब कमरे में जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। बुजुर्ग महिला जली हुई हालत में जमीन पर पड़ी थीं।
परिजनों ने तत्काल घटना की जानकारी तखतपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसा चिमनी से आग लगने के कारण होने की आशंका है, हालांकि पुलिस ने अभी आग लगने की वास्तविक वजह को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। घटनास्थल की परिस्थितियों के साथ परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है।
पोस्टमार्टम
रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत से संबंधित स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आग किस तरह लगी और महिला उसकी चपेट में कैसे आईं। बुजुर्ग महिला की इस दर्दनाक मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Tags: