Durg/Rajnandgaon. दुर्ग/राजनांदगांव। प्रदेश के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने रविवार को दुर्ग और राजनांदगांव जिले के कई शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने का प्रयास किया। मंत्री यादव ने पुलगांव, सेवती, बोरई, सलोनी, चारभांठा और बिरेझर गांव के स्कूलों का दौरा किया, जहां उन्होंने विद्यार्थियों से सीधी बातचीत कर उनकी पढ़ाई की स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और सीखने के अनुभवों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री यादव ने विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षाओं की स्थिति, स्कूल परिसर की सफाई और शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता की गहन समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि स्कूल परिसर स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए। चारभांठा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मंत्री यादव ने स्मार्ट क्लास की व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट क्लास के माध्यम से संचालित शिक्षण का फीडबैक विद्यार्थियों से लिया और कहा कि आधुनिक टेक्नोलॉजी के उपयोग से बच्चों की सीखने की क्षमता और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आता है।
साथ ही शिक्षकों को निर्देशित किया कि आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रैक्टिकल और पाठ्यक्रम को समय पर पूर्ण कराया जाए। मंत्री यादव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए आवश्यक संसाधन, वातावरण और शिक्षण के नए तरीकों को स्कूलों में लागू करने के प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने विद्यालयों में नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। स्कूल निरीक्षण के बाद मंत्री यादव दुर्ग जिले के ग्राम बड़े बिरेझर स्थित धान उपार्जन केंद्र भी पहुंचे।
यहां उन्होंने किसानों से सीधी बातचीत कर धान खरीदी की स्थिति, बारदाना उपलब्धता, टोकन व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। किसानों ने मंत्री के सामने अपनी समस्याएँ और सुझाव भी रखे। मंत्री यादव ने समिति प्रबंधक को धान खरीदी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही उठाव व्यवस्था को सुचारु रखने तथा किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने पर जोर दिया। दौरे के दौरान दोनों जिलों के विभागीय अधिकारी, विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंत्री यादव का यह आकस्मिक निरीक्षण शिक्षा व्यवस्था में सुधार और किसानों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।