Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की बेटियां अब आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बना रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की चार बिहान दीदियों के ड्रोन पायलट प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश की बेटियां अपने हौसले, मेहनत और लगन से सफलता की नई उड़ान भरती हैं, तो मन गर्व से भर उठता है। ग्रामीण महिलाओं की यह उपलब्धि आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में ड्रोन पायलट प्रशिक्षण पूरा करने वाली चार महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए। इनमें कांसाबेल विकासखंड के ग्राम चेतबा की शांति बाई, बगीचा विकासखंड के ग्राम बिमड़ा की शकीला खातून, ग्राम सन्ना की पार्वती नगेशिया और जशपुर विकासखंड के ग्राम जुरगुम की चिंता सिंह शामिल हैं। इन महिलाओं ने रायपुर स्थित डीजीसीए से संबंधित प्रशिक्षण संस्थान से ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण बहनों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है।
ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अब ये महिलाएं कृषि क्षेत्र में नई भूमिका निभा सकेंगी। ड्रोन तकनीक के माध्यम से खेतों में उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव किया जा सकता है। इससे किसानों को आधुनिक कृषि सेवाएं उपलब्ध होंगी और प्रशिक्षित महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर भी विकसित हो सकेंगे। नमो ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत महिलाओं को ड्रोन संचालन, सुरक्षित उड़ान, रिमोट पायलटिंग और कृषि कार्यों में ड्रोन के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना परिवार और समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण महिलाएं पारंपरिक आजीविका गतिविधियों के साथ तकनीक आधारित रोजगार में भी आगे बढ़ें। जशपुर की चार बिहान दीदियों की यह सफलता अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन सकती है। प्रशिक्षण पूरा कर इन महिलाओं ने साबित किया है कि अवसर और सही मार्गदर्शन मिलने पर गांव की बेटियां भी आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
Tags: