लापरवाह मवेशी मालिकों के खिलाफ दुर्ग पुलिस की सख्त कार्रवाई

छग

Update: 2025-08-02 16:42 GMT
Durg. दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं में हो रही लगातार बढ़ोतरी को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग पुलिस ने लापरवाह मवेशी मालिकों पर बड़ी कार्रवाई की है। जिले में मवेशियों को खुला छोड़ने से आए दिन सड़क हादसों की घटनाएं सामने आ रही थीं। इसको लेकर पहले पुलिस ने चेतावनी और समझाइश भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद सुधार नहीं होने पर अब 36 मवेशी मालिकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 बीएनएसएस (लोक न्यूसेंस) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक दुर्ग भूवनेश्वर ठाकुर के निर्देश पर दिनांक 01 अगस्त 2025 को यह विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत मवेशियों को खुला छोड़ने वाले 36 व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें ₹50,000 के बाउंड ओवर का नोटिस दिया गया है।

इसका अर्थ यह है कि भविष्य में यदि पुनः इसी प्रकार की लापरवाही की जाती है तो उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। दुर्ग पुलिस की यह कार्रवाई शहर में जन सुरक्षा बनाए रखने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस की समीक्षा में यह स्पष्ट हुआ कि आवारा मवेशियों की वजह से मुख्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही थी। इन मवेशियों के कारण वाहन चालकों को रफ्तार धीमी करनी पड़ती है या अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे कई बार गंभीर सड़क हादसे हो जाते हैं।

पूर्व में पुलिस ने इस समस्या को देखते हुए संबंधित मवेशी मालिकों को समझाइश और चेतावनी नोटिस भी जारी किए थे। बावजूद इसके, कुछ लोगों ने अपने पशुओं को खुला छोड़ना जारी रखा। इस लापरवाही के चलते अब कानूनी कार्रवाई का सहारा लिया गया है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई एक बार की नहीं है, बल्कि यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया का हिस्सा है। शहर की कानून व्यवस्था को बनाए रखने और जन-सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए लापरवाह पशुपालकों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि यदि कोई मवेशी मालिक अपने जानवरों को खुला छोड़कर सड़क पर खतरा पैदा कर रहा है, तो इसकी सूचना स्थानीय पुलिस थाने में तत्काल दें, जिससे समय रहते कार्रवाई हो सके।
Tags:    

Similar News