आज रायपुर में निकलेगा तिरंगा यात्रा, 3 घंटे बाधित रहेगा यातायात

छग

Update: 2026-08-09 19:04 GMT
Raipur. रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रायपुर शहर में 10 अगस्त 2026 को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक जाएगी। यात्रा में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में शहर के आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मार्ग में बदलाव और डायवर्सन की व्यवस्था की है।

यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तिरंगा यात्रा के निर्धारित मार्ग पर आम वाहनों की आवाजाही बाधित रहेगी। इस दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के समय निर्धारित मार्ग पर जाने से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए डायवर्सन रूट का उपयोग करें। तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन के सामने रोड, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान इस पूरे मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और नागरिकों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य और सावधानी के साथ वाहन चलाने की अपील की है। यातायात पुलिस द्वारा तैनात जवानों के निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है।

इन मार्गों से गुजर सकेंगे वाहन
यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। बूढ़ेश्वर चौक से बूढ़ापारा बिजली ऑफिस की ओर जाने वाले वाहन चालक बूढ़ेश्वर चौक से परिक्रमापथ, पुलिस लाइन गेट और कालीबाड़ी मार्ग होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसी तरह शास्त्री चौक से महिला थाना की ओर आने वाले वाहन चालकों के लिए बंजारी चौक, राजभवन चौक, कालीमाई तिराहा, ओसीएम चौक, महिला थाना चौक और कालीबाड़ी मार्ग का विकल्प रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से इन वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। कालीबाड़ी से कोतवाली चौक की ओर जाने वाले वाहन चालक कालीबाड़ी चौक से महिला थाना चौक, ओसीएम चौक, काली माता मंदिर तिराहा, राजभवन चौक और घड़ी चौक मार्ग से आवागमन कर सकेंगे। वहीं कोतवाली से कालीबाड़ी तथा सदर बाजार से बूढ़ापारा की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए सदर बाजार मार्ग, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती, बूढ़ेश्वर चौक और पुलिस लाइन गेट होकर आवागमन की व्यवस्था की गई है।

तिरंगा यात्रा में आने वालों के लिए पार्किंग व्यवस्था
यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों के लिए यातायात पुलिस ने निर्धारित पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है। नागरिक अपने वाहनों को इन पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने के बाद पैदल इंडोर स्टेडियम तक पहुंच सकेंगे। निर्धारित पार्किंग स्थलों में बूढ़ा तालाब गार्डन, इंडोर स्टेडियम के पीछे का मैदान, परिक्रमा पथ बूढ़ा तालाब और महाराजबंद तालाब की ओर निर्धारित पार्किंग स्थल शामिल हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा में शामिल होने वाले नागरिक अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। यात्रा मार्ग के आसपास अनधिकृत तरीके से वाहन पार्क करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यातायात पुलिस ने की अपील
रायपुर यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि 10 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तिरंगा यात्रा के दौरान निर्धारित मार्ग पर अनावश्यक आवागमन से बचें। लोगों से कहा गया है कि वे पहले से अपने यात्रा मार्ग की योजना बनाएं और जरूरत के अनुसार निर्धारित डायवर्सन मार्गों का इस्तेमाल करें। पुलिस के मुताबिक, तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरती जाएगी। वाहन चालकों को भीड़ वाले इलाकों में धीमी गति से वाहन चलाने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। तिरंगा यात्रा के दौरान शहर में यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती रहेगी। यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अस्थायी यातायात व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, यह सुनिश्चित करना है।
Tags:    

Similar News