Durg. दुर्ग। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से 26 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी विजय अग्रवाल ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कर आमजन को आवश्यक समझाइश दी जाए। पूर्व वर्षों में होली के दौरान हुई घटनाओं के आधार पर चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया। विशेष रूप से संवेदनशील बस्तियों, पॉश कॉलोनियों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख मार्गों पर फिक्स पिकेट स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, स्टंटबाजी, नशे की हालत में वाहन चलाने और सड़कों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही क्षेत्र के गुण्डा, निगरानी बदमाश और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में पैदल पेट्रोलिंग और बाइक पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की जाएंगी। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की अशांति की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करें। इसके अलावा, जिले में लंबित अपराध, चालान, मर्ग और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए, ताकि होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ बनी रहे। बैठक के समन्वय और सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) ममता देवांगन सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी, रक्षित निरीक्षक दुर्ग और सभी थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।