Bilaspur बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी स्थित शराब दुकान के पास हुए विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 28 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:30 बजे राकेश प्रजापति अपने दोस्त जितेंद्र साहू के साथ हरदीकला स्थित शराब दुकान गया था। शराब खरीदने के दौरान राकेश की दो लड़कों से धक्का-मुक्की हो गई। विवाद बढ़ने पर दुकान के बाहर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा होने लगा। आरोप है कि इसी दौरान दो युवकों ने राकेश के पेट पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से राकेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। जितेंद्र साहू ने राकेश के घर पहुंचकर घटना की जानकारी उसके बड़े भाई को दी। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राजा मनहर और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया। राजा मनहर कोरमी मोड़ के पास का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने आपसी विवाद के दौरान चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
Tags: