Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर की युवा अधिवक्ता रानी देवांगन द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लिखी गई पहली पुस्तक "NARCOTICS LAW AND REFORM" का विमोचन छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि एक अधिवक्ता द्वारा समाज सुधार और जनजागरूकता की दिशा में किया गया यह प्रयास बेहद महत्वपूर्ण है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वर्तमान समय में नशे की समस्या समाज के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में नशे के दुष्प्रभावों, कानूनी प्रावधानों और इससे बचाव के उपायों को लेकर लोगों को जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने अधिवक्ता रानी देवांगन को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा वर्ग इस पुस्तक का अध्ययन कर नशे के खिलाफ समाज में अपनी सकारात्मक भूमिका निभा सकेगा। पुस्तक "NARCOTICS LAW AND REFORM" में नशे से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को विस्तार से बताया गया है। अधिवक्ता रानी देवांगन ने पुस्तक में बताया है कि ड्रग्स या नशे की गिरफ्त में आने वाले व्यक्ति की मानसिक स्थिति कैसी होती है और ऐसे समय में उसके साथ किस तरह का व्यवहार किया जाना चाहिए, ताकि उसे नशे की आदत छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका असर परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। पुस्तक में ड्रग्स की सप्लाई चेन को रोकने, नशे के बढ़ते प्रभाव को नियंत्रित करने और इससे संबंधित कानूनी व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई है। इसका उद्देश्य आम लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करना और उन्हें कानून से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है। अधिवक्ता रानी देवांगन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून के माध्यम से नहीं जीती जा सकती, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। जागरूकता के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने और प्रभावित लोगों को सही मार्गदर्शन देने का प्रयास किया जाना चाहिए।
विमोचन कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता राजेश कुमार फरिकार और अधिवक्ता अंकित फूलझेले सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने भी पुस्तक को समाज के लिए उपयोगी पहल बताते हुए इसकी सराहना की। "NARCOTICS LAW AND REFORM" पुस्तक के माध्यम से अधिवक्ता रानी देवांगन ने नशे के खिलाफ कानूनी जानकारी और सामाजिक जागरूकता को जोड़ने का प्रयास किया है। यह पुस्तक युवाओं, कानून से जुड़े लोगों और आम नागरिकों के लिए नशे की समस्या को समझने में उपयोगी साबित हो सकती है।
Tags: