डीडी नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब, चाकूबाजी और अड्डेबाजी पर शिकंजा

छग

Update: 2026-06-04 15:05 GMT
Raipur. रायपुर। डीसीपी पश्चिम जोन के निर्देश पर थाना डीडी नगर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री, आर्म्स एक्ट के तहत चाकूबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा, वहीं चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले एक अन्य आरोपी को भी पकड़कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। इसके अलावा अड्डेबाजी करने वाले 10 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना डीडी नगर पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए हुए है। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 03.06.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रायपुरा स्थित कुरी तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना डीडी नगर पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में मौके पर रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी अमर गुप्ता, निवासी महादेव घाट को पकड़ा गया। उसके कब्जे से कुल 5.400 लीटर देशी मदिरा बरामद की गई। पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 57/26, धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई के दौरान रात्रि गश्त के समय पुलिस को सूचना मिली कि विसर्जन कुंड, महादेव घाट के पास एक व्यक्ति चाकू लहराकर लोगों को धमका रहा है और भय का माहौल बना रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शंकर साहू, निवासी कुकुरबेड़ा, सरस्वती नगर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 355/26, धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इसके अलावा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि ऐसे लोगों को पहले समझाइश दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उनकी गतिविधियां जारी रहीं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर 10 अड्डेबाजों को गिरफ्तार किया। सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर एसीपी न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। सभी को रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक तत्वों पर सख्त नियंत्रण स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और कहा कि ऐसे अभियान से क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगेगी तथा लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। डीडी नगर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब बिक्री, हथियारों का प्रदर्शन और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस लगातार गश्त और निगरानी बढ़ा रही है ताकि अपराधियों पर नियंत्रण रखा जा सके।
Tags:    

Similar News