Raipur. रायपुर। ओला/उबेर की तर्ज पर 'बाइक बोट स्कीम' के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना संजय भाटी सहित तीन आरोपियों को रायपुर पुलिस की सिविल लाइन थाना टीम ने गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां वर्ष 2019 में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले के सिलसिले में की गई हैं। पुलिस के अनुसार, संजय भाटी, करणपाल सिंह और राजेश भारद्वाज नामक आरोपी बाइक बोट स्कीम के जरिए निवेशकों से प्रति बाइक ₹62,100 जमा कराते थे और फिर हर माह ₹9,765 मुनाफा देने का झांसा देते थे। इस स्कीम के माध्यम से देशभर में हजारों लोगों को ठगा गया।

Bike Boat Scam: क्या है पूरा मामला?
आरोपियों ने M/s Garvit Innovative Promoters Ltd. नामक कंपनी के बैनर तले वर्ष 2017 से बाइक बोट स्कीम की शुरुआत की थी। इस स्कीम में झांसे में आए लोगों ने करोड़ों रुपये निवेश कर दिए, लेकिन कुछ ही महीनों बाद भुगतान बंद हो गया। रायपुर निवासी अखिल कुमार बिसोई की शिकायत पर सिविल लाइन थाना में वर्ष 2019 में अपराध क्रमांक 463/2019, धारा 420, 406, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।

देशभर में 200 से अधिक मामले दर्ज
संजय भाटी के खिलाफ अकेले उत्तर प्रदेश में 150, राजस्थान में 50, मध्यप्रदेश में 6 और अन्य राज्यों — गुजरात, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, नागपुर, आंध्र प्रदेश — में कुल 200 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके विरुद्ध धारा 138 NIA एक्ट के तहत 1500 से अधिक मामले भी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों में दर्ज हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी विभिन्न प्रकरणों में आरोपियों की संपत्तियों को अटैच किया है। गिरोह पर 2800 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का गंभीर आरोप है।

गिरफ्तारी और रिमांड प्रक्रिया
रायपुर पुलिस की टीम को जानकारी मिली कि आरोपी राजस्थान की केन्द्रीय जेल, भरतपुर/जयपुर में न्यायिक हिरासत में हैं। इसके बाद माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी कर तीनों को गिरफ्त में लिया गया और पुलिस रिमांड पर रायपुर लाया गया।

गिरफ्तार आरोपी
संजय भाटी (51) – ग्राम चीती, थाना दकनौर, गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश
करणपाल सिंह (57) – गंगासागर, डिफेंस कॉलोनी, मेरठ, उत्तर प्रदेश
राजेश भारद्वाज (58) – खुर्जा नगर, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश

पुलिस का अभियान जारी
IG रायपुर अमरेश मिश्रा और SSP लाल उमेद सिंह के निर्देश पर लंबित प्रकरणों और आर्थिक अपराधों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सरगनाओं को दबोचने में सफलता पाई है।
Tags: