गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत विभागीय टीम ने रेत और ईंट निर्माण में उपयोग होने वाली मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।
खनिज विभाग की टीम ने सिलपहरी क्षेत्र में जांच के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए 3 ट्रैक्टरों को पकड़ा। वहीं ज्योतिपुर तिराहा क्षेत्र में ईंट निर्माण के लिए मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 1 ट्रैक्टर वाहन जब्त किया गया।
सभी जब्त वाहनों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। इनमें से तीन ट्रैक्टर अमरपुर थाना परिसर और एक ट्रैक्टर नगर सैनिक परिसर में रखा गया है। वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(5) एवं 23(क) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले में अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई में खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, सतीश साहू और साहिब गनी सैनिक की भूमिका रही। खनिज विभाग ने बताया कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।