अवैध धान खरीदी-बिक्री पर शिकंजा, माजदा वाहन सहित 150 बोरी धान जप्त

छग

Update: 2025-12-22 19:04 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध धान खरीदी-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 बोरी धान जप्त किया है। यह धान बिना किसी वैध दस्तावेज के माजदा वाहन के जरिए एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाया जा रहा था, जिसे अवैध रूप से बेचने की तैयारी थी। थाना रतनपुर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 दिसंबर 2025 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि माजदा वाहन क्रमांक CG 10 BV 6881 का चालक अवैध रूप से धान की खरीदी कर ग्राम खरगहनी (थाना कोटा क्षेत्र) से ग्राम तेन्दुभाठा (थाना रतनपुर क्षेत्र) की ओर जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि उक्त धान को कृषि उपज मंडी में बिना अनुमति और नियमों के विपरीत बेचने की योजना है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रतनपुर ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने ग्राम बारीडीह मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान माजदा वाहन में कुल 150 कट्टी (बोरी) धान लदा हुआ पाया गया। वाहन चालक की पहचान रामेश्वर ध्रुव, पिता प्यारेलाल ध्रुव, उम्र 37 वर्ष, निवासी नेवरा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। जब पुलिस ने उससे धान की खरीदी-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज, बिल या परमिट प्रस्तुत करने को कहा, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में भी वह धान के वैध स्रोत के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

दस्तावेजों के अभाव और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने धान को चोरी की मशरूका होने की आशंका के आधार पर धारा 106 बीएनएसएस के तहत मौके पर ही माजदा वाहन सहित 150 बोरी धान जप्त कर लिया। इसके साथ ही मामले की सूचना तत्काल तहसीलदार रतनपुर और खाद्य निरीक्षक को दी गई, जो मौके पर पहुंचकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने और किसानों व सरकारी प्रणाली को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से अवैध धान खरीदी-बिक्री की जाती है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध धान खरीदी, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Tags:    

Similar News