नारायणपुर। जिले में गोवंश वध के मामले में बेनूर थाना पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में गोवंश का मांस, पका हुआ मांस और धारदार हथियार बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम मालिंगनार के पटेलपारा में कुछ लोग गोवंश का वध कर रहे हैं। सूचना मिलते ही बेनूर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और मौके पर 12 लोगों को गोवंश काटते हुए पकड़ लिया। इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से गोवंश का मांस, पका हुआ मांस, चार पैर, पूंछ के टुकड़े और खाल बरामद की। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई एक कुल्हाड़ी और दो धारदार छुरियां भी जब्त की गईं। पुलिस ने सभी सामान को सबूत के तौर पर जब्त कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आरोपियों पर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 और 10 के तहत मामला दर्ज किया गया। बेनूर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 08/2026 दर्ज कर सभी 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी 12 आरोपी ग्राम मालिंगनार पटेलपारा के रहने वाले हैं। इनमें मंगलूराम सलाम (32), सिद्दू सलाम (58), मनकूर वड्डे (40), सुखमन करंगा (45), रामसिंग सलाम (35), इतवारु राम करंगा (42), मंगिया सलाम (30), सोमारू सलाम (27), मंगेल सलाम (50), मनकू वड्डे (40), सोमजी सलाम (30) और सन्नू (22) शामिल हैं।