कार्य नहीं करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैक लिस्टेड, कलेक्टर ने जताई नाराजगी

छग

Update: 2023-07-05 02:43 GMT

रायगढ़। नगर निगम एवं जिले के नगरीय निकाय में कार्य लेकर समय पर कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने की कार्यवाही करें। नगर निगम एवं नगरीय निकायों में सबसे महत्वपूर्ण सफाई कार्य होता है। इसकी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ रात्रिकालीन सफाई भी सुनिश्चित करें। उक्त बातें आज कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित नगरीय निकाय समीक्षा बैठक में कही।

कलेक्टर सिन्हा ने कमिश्नर सुनील कुमार चंद्रवंशी से नगर निगम एवं नगरीय निकाय से संबंधित स्वच्छता, निर्माण कार्य, बाढ़ आपदा रोकथाम, बिजली, पानी, सड़क, नाली आदि मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी ली। सफाई व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि नगर निगम में पर्याप्त सफाई कर्मचारी, स्वच्छता दीदी होने के बाद भी अपेक्षा अनुसार कार्य नहीं हो रहा है। उन्होंने शहर सहित जिले के नगरीय निकायों की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ रात्रिकालीन सफाई भी शुरू करने के निर्देश निगम कमिश्नर एवं नगरीय निकाय सीएमओ को दिए। इस दौरान उन्होंने नगर निगम एवं नगरीय निकाय में जीरो वेस्ट पद्धति अपनाने की बात कही। इसके बाद नगरीय निकाय क्षेत्रों में खाली जगह को चिन्हांकित कर वृहद पौधरोपण करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह रामपुर स्थित लैंड फील्ड साइट को सुसज्जित गार्डन निर्माण करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने की बात कही गई।

कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि वर्षों से शहर का कचरा जहां डंप हो रहा था। कचरे का पहाड़ कई एकड़ भूमि पर फैला हुआ था उसे बायो लिगसी के तहत मैदान में बदलना अपने आप में बड़ा कार्य है। इसे विरासत के तौर पर पहले और वर्तमान और आने वाले स्थिति के तौर पर सहज कर रखना होगा। इसके बाद कलेक्टर श्री सिन्हा ने जलजनित व मच्छर जनित रोगों के नियंत्रण संबंधित कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि नालियों के बीच से पानी सप्लाई के भी पाइपलाइन बिछे होते हैं। बरसात में नालियों से पानी के ओवरफ्लो होने पर इसमें पाइपलाइन अटैच होकर गंदे पानी की सप्लाई और उल्टी, दस्त, डायरिया जल जनित जैसे रोग फैलने की बातें सामने रहती है। इसलिए अभी से ही ऐसे पाइप लाइन में चिन्हांकित करने और पाइप लाइन लीकेज आदि की समस्या की मरम्मत पर ध्यान देना होगा। इसी तरह मच्छर जनित डेंगू व मलेरिया जैसे रोगों के फैलने पर नियंत्रण पाने के लिए कूलर, गमला, टायर आदि में भरे पुराने पानी की सफाई करने नगर निगम क्षेत्र एवं नगरीय निकाय में जन जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई। इससे ही मच्छर जनित रोगों के फैलने से लोगों को बचाया जा सकता है। इसी तरह कलेक्टर सिन्हा ने नगर निगम एवं नगरीय निकाय के निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में बी टी सड़क निर्माण नहीं करने और दिए गए समय पर निर्माण कार्यों को पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश निगम कमिश्नर चंद्रवंशी एवं कार्यपालन अभियंता अमरेश कुमार लोहिया को दिए।

 

Tags:    

Similar News

-->