महासमुंद: ओडिसा से मध्य प्रदेश अवैध गांजा ले जा रहे तस्करों पर कोमाखान पुलिस ने कार्रवाई की है। मुखबिर सूचना पर पुलिस ने ग्राम घोयनाबाहरा नाके के पास बाइक सवार दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी रिश्ते में बाप-बेटे हैं, जो टिटलागढ़ (ओडिशा) से गांजा खरीदकर बालाघाट (मध्य प्रदेश) में खपाने की फिराक में थे।
पुलिस जिले में लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। इसी दौरान सूचना मिली कि स्प्लेंडर बाइक एमपी 50 जेई 7254 पर दो व्यक्ति ओडिसा से छत्तीसगढ़ के रास्ते अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर पूछताछ की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.920 किलो ₹4 लाख 46 हजार रुपए का गांजा, वाहन स्प्लेंडर बाइक ₹60,000 रुपये, 2 नग मोबाइल फोन कीमत ₹18,000 रुपये, कुल ₹5 लाख 24 हजार रुपये जब्त किया है। आरोपी अर्जुन पटले पिता महदू लाल पटले, (52), हिमांशु पटले पिता अर्जुन पटले, (19),दोनो निवासी वार्ड 14 ग्राम कोसमी, बालाघाट, म.प्र.) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के बैग से गांजा बरामद कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की।