Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में आदिवासी कांग्रेस की बैठक को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जनजातीय समाज के हितों और विकास के लिए ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आदिवासी समाज अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुका है और उसके बहकावे में आने वाला नहीं है। मुख्यमंत्री साय ने आदिवासी समाज के लिए भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अनुसूचित जनजाति समाज के लिए अलग मंत्रालय का गठन किया था।

उन्होंने कहा कि यह कदम जनजातीय समाज के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल थी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर एक आदिवासी महिला का पहुंचना पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आदिवासी समाज को मिल रहा है। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई पीएम जनमन योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत दूरस्थ जनजातीय गांवों तक सड़क, आवास, राशन और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता जनजातीय क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह चाहे जितनी राजनीतिक कोशिश कर ले, लेकिन आदिवासी समाज अब वास्तविकता को पहचान चुका है। जनता अब केवल राजनीतिक दावों पर भरोसा करने वाली नहीं है, बल्कि विकास और योजनाओं के आधार पर अपना निर्णय करेगी।

पेपर लीक के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: CM साय
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में कथित पेपर लीक मामले को लेकर भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष के फंडामेंटल ऑफ जेनेटिक्स विषय के प्रश्नपत्र के परीक्षा से पहले लीक होने का दावा सामने आया है। इस मामले में परीक्षा व्यवस्था की गोपनीयता और संचालन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, मामले की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मुख्यमंत्री के बयान के बाद अब विद्यार्थियों और अभिभावकों की नजर जांच की दिशा और उसके परिणाम पर है।

भाजपा की बैठकों पर बोले मुख्यमंत्री
भाजपा में लगातार चल रही मैराथॉन बैठकों को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पार्टी में संगठन को मजबूत करने के लिए बैठकें नियमित रूप से होती रहती हैं। उन्होंने इसे संगठन की सामान्य प्रक्रिया बताते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संवाद तथा संगठनात्मक समीक्षा लगातार जारी रहती है।

दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रवाना हुए CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दो दिवसीय जशपुर दौरे के लिए रवाना हुए। अपने दौरे को लेकर उन्होंने बताया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ कई परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार, वे पंडरीपानी में स्टेट बैंक की नई शाखा का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा महतारी वंदन योजना भवन का भी लोकार्पण किया जाएगा, जिसका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। दौरे के दौरान स्थानीय स्तर पर कई विकास कार्यों का लोकार्पण और नए कार्यों का भूमिपूजन भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब प्रदेश में आदिवासी राजनीति को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं। एक ओर कांग्रेस आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं मुख्यमंत्री साय भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आधार बनाकर कांग्रेस पर पलटवार कर रहे हैं। आने वाले दिनों में यह राजनीतिक टकराव और तेज होने की संभावना है।
Tags: