Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच पूर्व में जारी कार्य विभाजन आदेश में आंशिक संशोधन किया है। नए आदेश में जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टरों को विभिन्न विभागों, शाखाओं और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयान को जन समस्या निवारण शिविर, स्वीप कार्यक्रम, केपीआई, आकांक्षी जनपद, अंत्यावसायी, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार से संबंधित जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, समग्र शिक्षा, साक्षर भारत, लीड बैंक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पेयजल एवं स्वच्छता मिशन तथा जल जीवन मिशन से जुड़े कार्य भी उनके प्रभार में रहेंगे। कृषि एवं उससे जुड़े पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी, रेशम, बीज निगम और नाबार्ड से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है।
अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी की जिम्मेदारी के साथ जांजगीर, पामगढ़ और शिवरीनारायण अनुभाग से जुड़े विभिन्न राजस्व प्रकरणों का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा प्रशासनिक कार्य, विभागीय जांच, शिकायत एवं सतर्कता शाखा, समय-सीमा के पत्रों की समीक्षा, जिला न्यायालय से समन्वय, कर्मचारियों के यात्रा एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयकों से जुड़े कार्य, पुलिस, नागरिकता एवं पासपोर्ट, खनिज शाखा, नजूल शाखा और सीएसआर मद के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।
अपर कलेक्टर आरके तम्बोली को चांपा अनुभाग के राजस्व प्रकरणों के साथ सहायक अधीक्षक राजस्व, व्यवहारवाद शाखा, सामान्य शाखा, राहत एवं आपदा प्रबंधन, सूचना का अधिकार के अपीलीय अधिकारी, प्रतिलिपि शाखा, लाइसेंस शाखा, जिला अभिलेख प्रकोष्ठ, बंधक श्रमिक, बैंक वसूली, लेखापाल शाखा, बीस सूत्रीय कार्यक्रम, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास तथा नगर एवं ग्राम निवेश समेत अन्य कार्य दिए गए हैं।
अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी को अकलतरा अनुभाग के राजस्व मामलों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की नियुक्ति के विरुद्ध अपील और पुनरीक्षण से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शाखा, जिला कोषालय, समाज कल्याण, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जल संसाधन, आदिवासी विकास, उद्योग एवं वाणिज्य, जिला जेल, उच्च शिक्षा तथा सामान्य निर्वाचन से जुड़े कार्य भी उनके प्रभार में रहेंगे।
संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर को स्थापना एवं वित्त शाखा, नाजरात शाखा और जिला कार्यालय के लिए आहरण एवं संवितरण अधिकारी बनाया गया है। खाद्य शाखा, डीएमएफ, पर्यावरण एवं प्रदूषण निवारण, रीडर टू कलेक्टर, जिला योजना एवं सांख्यिकी, जनगणना, आवास आवंटन, पर्यटन, संस्कृति एवं पुरातत्व, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, ग्रामोद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, भारतनेट, चिप्स, सार्वजनिक समारोह, लोक सेवा गारंटी, सिटीजन चार्टर, आधार तथा विद्युत मंडल से संबंधित जिम्मेदारियां भी उन्हें दी गई हैं।
डिप्टी कलेक्टर देवेन्द्र चौधरी को जिला वक्फ कमेटी, देवस्थान एवं पुनर्वास शाखा, नगर सेना, आवक-जावक शाखा और विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों पर कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों, शिकायतों, मानवाधिकार आयोग, कलेक्टर जनदर्शन और जनसंवाद से जुड़े मामलों का काम भी वे देखेंगे। उन्हें स्थानीय निर्वाचन के उप जिला निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी भी दी गई है। डिप्टी कलेक्टर रिचा सिंह को भू-अभिलेख, चकबंदी एवं बंदोबस्त, खरीफ-रबी फसल कार्यक्रम, व्यपवर्तन शाखा, सीएम हेल्पलाइन, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जिला कौशल विकास प्राधिकरण, लाइवलीहुड कॉलेज और भू-अर्जन से जुड़े कार्य सौंपे गए हैं।
डिप्टी कलेक्टर सुब्रत प्रधान को जांजगीर और नवागढ़ तहसील के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें लोक बेदखली, लोक न्यास, भू-अर्जन, सत्कार, सूचना का अधिकार और भाड़ा नियंत्रण से जुड़े कार्यों के साथ आकांक्षा कोचिंग और मेडिकल कॉलेज स्थापना का नोडल अधिकारी भी बनाया गया है।
डिप्टी कलेक्टर सुमित बघेल को अकलतरा एवं बलौदा का एसडीएम बनाया गया है। वहीं शशि चौधरी को चांपा, पवन कोसमा को पामगढ़ और परिवीक्षाधीन डिप्टी कलेक्टर भावना साहू को केवल शिवरीनारायण तहसील के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने अनुभाग में लोक बेदखली, लोक न्यास, भू-अर्जन, प्रोटोकॉल, सूचना का अधिकार और भाड़ा नियंत्रण समेत निर्धारित प्रशासनिक कार्य भी देखने होंगे। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अलावा कलेक्टर द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य प्रशासनिक कार्यों का भी निर्वहन करना होगा।