Narayanpur. नारायणपुर। जिले में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन ने एक बार फिर प्रशासन की संवेदनशीलता और जनहितैषी रवैये का प्रदर्शन किया। ग्राम बिंजली के प्राथमिक विद्यालय से कृषि विज्ञान केन्द्र केरलापाल तक वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण कार्य अब पूर्ण हो गया है। ग्राम बिंजली जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित है। पिछले 3-4 वर्षों से सड़क अधूरी होने के कारण ग्रामीणों और आसपास के स्कूल तथा कृषि महाविद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा था। खराब सड़क और अधूरा निर्माण कार्य चलते आवागमन में बाधा, समय की बर्बादी और वाहन संचालन में परेशानी बनी रहती थी।

ग्रामीणों ने इस समस्या को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर कलेक्टर नम्रता जैन के समक्ष रखा। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने कलेक्टर के निर्देशानुसार प्राथमिक विद्यालय बिंजली से कृषि विज्ञान केन्द्र केरलापाल तक की सड़क निर्माण प्रक्रिया को पूर्ण कराने में तेजी दिखाई। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब क्षेत्र के ग्रामीणों, स्कूल और महाविद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा प्राप्त हुई है। इससे बच्चों और ग्रामीणों के रोजमर्रा के जीवन में सुधार हुआ है और स्कूल तथा कृषि महाविद्यालय तक पहुँचने का समय कम हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क बनने से अब आवाजाही सुगम हो गई है।

क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलने की संभावना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तत्परता और कलेक्टर नम्रता जैन की संवेदनशीलता ने ग्रामीणों का विश्वास और बढ़ाया है। इस पहल से यह भी स्पष्ट होता है कि जनदर्शन कार्यक्रम ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके जरिए स्थानीय मुद्दों को तेजी से पहचाना और हल किया जा सकता है। सड़क निर्माण के पूरे होने से ग्रामीणों को न केवल सुविधा हुई है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्र के विकास में भी मदद मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से कृषि और अन्य गतिविधियों में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में भी क्षेत्र में ऐसी आवश्यकताओं को समय पर पूरा करने के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी जारी रहेगी, ताकि ग्रामीणों और विद्यार्थियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।
Tags: