कोयला घोटाला: सूर्यकांत तिवारी का करीबी नारायण साहू एसीबी के हत्थे चढ़ा

छग

Update: 2026-02-24 14:01 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर में चर्चित कोयला घोटाला प्रकरण में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे नारायण साहू को गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसी के अनुसार, नारायण साहू को मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी का करीबी सहयोगी माना जाता है और कथित कोल लेवी नेटवर्क में उसकी अहम भूमिका रही है। एसीबी द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि विवेचना के दौरान ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि नारायण साहू घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कलेक्शन गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल था। जांच में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी सूर्यकांत तिवारी के लिए कोल लेवी की राशि के कलेक्शन के साथ-साथ धनराशि को कथित तौर पर सौम्या चौरसिया तक पहुंचाने का कार्य भी नारायण साहू द्वारा किया जाता था। जांच एजेंसी का दावा है कि मामले की पड़ताल के दौरान यह पुष्टि हुई है कि सूर्यकांत तिवारी ने नारायण साहू के नाम पर विभिन्न संपत्तियां क्रय कर रखी थीं।


इन संपत्तियों के स्रोत, वित्तीय लेन-देन और स्वामित्व संबंधी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एसीबी के अनुसार, आरोपी पिछले लगभग ढाई वर्षों से फरार था और पूछताछ से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय द्वारा नारायण साहू के विरुद्ध पूर्व में ही गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया जा चुका था। लगातार प्रयासों और तकनीकी निगरानी के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर आरोपी को
पुलिस रिमांड
पर लिया है, ताकि मामले से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ की जा सके। रिमांड अवधि के दौरान नारायण साहू से कोल लेवी राशि के कलेक्शन, कथित धन हस्तांतरण, वित्तीय नेटवर्क और उसके नाम पर क्रय की गई संपत्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी का मानना है कि पूछताछ से घोटाले से जुड़े अन्य संदिग्धों, लेन-देन के स्रोतों और नेटवर्क की संरचना को लेकर ठोस एवं मजबूत साक्ष्य प्राप्त हो सकते हैं। एसीबी अधिकारियों ने संकेत दिया है कि मामले की विवेचना केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे कथित नेटवर्क और उससे जुड़े सभी कड़ियों की जांच जारी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण में संलिप्त पाए जाने वाले अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News