Raipur. रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के बाद शनिवार को राजधानी रायपुर लौट आए। अपने दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात की और छत्तीसगढ़ के विकास, निवेश, स्वास्थ्य सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली प्रवास काफी सकारात्मक रहा और प्रदेश के विकास को लेकर कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान उन्हें इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम में शामिल होने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में व्यापार, उद्योग और निवेश की संभावनाओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और यहां उद्योगों के विस्तार के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।
सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ में 800 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आ चुका है और आने वाले समय में निवेश के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रही है। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और केंद्र-राज्य सहयोग से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से प्रदेश के विकास कार्यों में लगातार सहयोग मिल रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिहार के मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया। सीएम साय ने कहा कि अन्य मंत्रियों को भी छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही कई केंद्रीय मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि प्रदेश का दौरा करेंगे। वहीं, कृषि विश्वविद्यालय में सामने आए पेपर लीक मामले को लेकर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और पुलिस अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags: