तालाब में तैरते हुए बच्चों ने फहराया तिरंगा

छग

Update: 2023-08-15 13:08 GMT
दुर्ग। दुर्ग जिले में भी 15 अगस्त को धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। यहां के पुरई गांव के बच्चों ने अनोखे तरीके से तिरंगे को सलामी दी और आजादी का जश्न मनाया। बता दें कि पुरई गांव खेल गांव के नाम से भी प्रसिद्ध है। ये वही गांव है, जहां छोटे से तालाब में तैराकी सीखकर बच्चों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई स्विमिंग प्रतियोगिताएं जीती हैं। आज स्वतंत्रता दिवस के दिन पुरई गांव के बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर तैरते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। फ्लोटिंग स्विमिंग अकादमी के कोच ओम कुमार ओझा के नेतृत्व में इन बच्चों ने तालाब के बीच में तिरंगा लहराकर शानदार प्रदर्शन किया और आजादी के इस दिन को खास बना दिया।

दुर्ग मुख्यालय से करीब 15 किमी की दूरी पर पुरई गांव स्थित है। यहां के बच्चे तैराकी के अलावा खो-खो और कबड्डी में भी काफी आगे हैं। गांव में करीब 160 बच्चे खो-खो, कबड्डी और तैराकी के क्षेत्र में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों ने खेल एकेडमी की मांग भी सीएम से की थी। मुख्यमंत्री ने इस साल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में पुरई गांव में खेल एकेडमी बनाने की घोषणा भी की थी। उन्होंने कहा था कि जल्द ही बजट पास करवाकर यहां सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को भोजन, रहने और बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था मिल सके।
इसी साल अप्रैल के महीने में पुरई गांव की 15 वर्षीय खिलाड़ी चंद्रकला ओझा ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। उसने गांव के डोंगिया तालाब में पूरे 8 घंटे तक लगातार तैरकर विश्व रिकॉर्ड बना दिया था। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने दुर्ग जिले में ध्वजारोहण किया। उन्होंने ध्वजारोहण करने के बाद परेड की सलामी भी ली और मुख्यमंत्री का संदेश जनता को सुनाया। दुर्ग जिले के पुलिस लाइन ग्राउंड में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। यहां हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने समारोह में मौजूद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में सराहनीय काम करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में परेड द्वारा हर्ष फायर भी किया गया। समारोह में उत्साह और उमंग के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाए गए। परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरूष व महिला), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल प्रथम/7वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल की 03 प्लाटून, नगर सेना, एनसीसी और रेडक्रॉस शामिल थे। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुम्हारी, कृष्णा पब्लिक स्कूल नेहरू नगर भिलाई, शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग और विज्ञान विकास केन्द्र दुर्ग के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियों से सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
Tags:    

Similar News