Raipur. रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में विकसित भारत-जी-राम (VB-GRAMG) योजना की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि ग्रामीण भारत का विकास ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान और श्रमिकों के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 जुलाई 2026 से लागू विकसित भारत-जी-राम (VB-GRAMG) योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और श्रमिकों की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाना है। इस योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को पहले की तुलना में अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत ग्रामीण श्रमिकों को प्रतिवर्ष 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। साथ ही उन्हें प्रति दिन 300 रुपये मजदूरी सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी और पलायन की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाकर आत्मनिर्भर गांवों का निर्माण करना है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि योजना के तहत 318 प्रकार के विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें जल संरक्षण, जल संवर्धन, ग्रामीण अधोसंरचना का विकास, आजीविका संवर्धन तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, जबकि ग्रामीण सड़कों, सामुदायिक परिसंपत्तियों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास से गांवों में जीवन स्तर बेहतर होगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होने से श्रमिकों को अपने ही गांव में काम करने का अवसर मिलेगा। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने “मेरी बेटी, मेरा अभिमान” अभियान की भी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 15 अगस्त से 26 जनवरी के बीच प्रदेश के 6,671 विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान बालिकाओं की शिक्षा, सम्मान और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू किया जा रहा है। विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई में आने वाली बाधाएं कम होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास जैसे सभी क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण नागरिकों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जब गांव मजबूत होंगे, श्रमिक आत्मनिर्भर होंगे और किसानों को बेहतर अवसर मिलेंगे, तभी विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार इसी संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है और आने वाले समय में ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा।
Tags: