छत्तीसगढ़ की बेटियों ने जूनियर नेशनल बास्केटबॉल में जीता गोल्ड, रमन सिंह ने दी बधाई
छग
Raipur. रायपुर। पुडुचेरी में आयोजित 76वीं जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राज्य की प्रतिभाशाली बेटियों का रायपुर स्थित स्पीकर हाउस के सभागृह में सम्मान किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम ने केरल को 55-51 अंकों से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह उपलब्धि लगभग 11 वर्षों बाद राष्ट्रीय स्तर पर हासिल हुई है, जिससे पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और मेहनत के बल पर यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियों ने अपने खेल कौशल से न केवल राज्य बल्कि पूरे देश में प्रदेश का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत, कोचिंग स्टाफ के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी गई। सम्मान समारोह में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। छत्तीसगढ़ की टीम की इस जीत को राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिसने युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और प्रेरणा को बढ़ाया है।