छत्तीसगढ़: बुजुर्ग ने बहू की कुदाली से कर दी हत्या, लिपाई के दौरान हुआ था झगड़ा

पढ़े पूरी खबर

Update: 2022-02-06 13:31 GMT

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में रविवार को जरा से विवाद के चलते बुजुर्ग ने अपनी बहू की कुदाली से हमला कर हत्या कर दी। ससुर और बहू का पिछले कई दिनों से आपसी विवाद चल रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बहू गोबर से घर की लिपाई कर रही थी। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में वृद्ध ने कुदाली से वार कर दिया। मामला गैंदाटोला थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कोलिहालमती निवासी मनभा सिन्हा (35) पत्नी देवेंद्र सिन्हा घर में गोबर से लिपाई कर रही थी। इसी दौरान उसके ससुर जनक राम सिन्हा (70) पहुंच गए और उनका पैर लिपाई वाली जगह पर पड़ गया। इसके चलते बहू ने हंगामा शुरू कर दिया। बात इतनी बढ़ी कि ससुर जनक राम सिन्हा भड़क गया। आरोप है कि उसने वहां रखी कुदाली उठाई और उससे मनभा पर वार कर दिया। सिर पर वार से मनभा ने मौके पर दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि परिवार में काफी दिनों से विवाद चल रहा था। इसके चलते बहू मनभा अपनी 6 साल की बेटी को लेकर घर में ही अलग रहती थी। जबकि उसका पति देवेंद्र अपने माता-पिता और 11 साल के बेटे के साथ रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
Tags:    

Similar News

-->