भिलाई में चेन स्नेचिंग का पर्दाफाश, चंद घंटे में मां-बेटे गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-31 17:47 GMT
Durg. दुर्ग। भिलाई नगर के सेक्टर-1 में शुक्रवार सुबह हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूटने वाले आरोपी कोई पेशेवर गिरोह नहीं, बल्कि मां और बेटा निकले। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की। पुलिस अब घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और छीनी गई सोने की चेन की बरामदगी की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार 31 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:10 बजे की है। सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 में रहने वाली करीब 70 वर्षीय उमा देवी अपने घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे फूल तोड़ रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर एक महिला और एक युवक वहां पहुंचे। महिला आरोपी ने बुजुर्ग से बातचीत शुरू करते हुए कहा कि "लकड़ी से फूल तोड़ा करो।" बातचीत के दौरान अचानक महिला ने उमा देवी के गले में पहनी लगभग 20 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली। चेन की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला और उसका साथी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पीड़िता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना भिलाई भट्ठी पुलिस मौके पर पहुंची।

घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज किया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल एक महिला और एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी मां और बेटा हैं। आरोपियों की पहचान जी. गौतम (20 वर्ष), पिता ईश्वर, निवासी कैंप-1 शांतिपारा और उसकी मां जे. पार्वती (48 वर्ष), पति ईश्वर, निवासी कैंप-1 शांतिपारा, थाना छावनी, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से घटना में छीनी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है। पूछताछ में यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। भिलाई भट्ठी पुलिस का कहना है कि शहर में चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई के कारण इस मामले का जल्द खुलासा संभव हो सका। पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों से अपील की है कि सुबह-शाम सुनसान स्थानों पर अकेले निकलने के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
Tags:    

Similar News