CG: आपसी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या, मोहल्ले में तनाव

छग

Update: 2025-07-13 15:11 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आपसी रंजिश के चलते हुए विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत जरहाभाठा मिनी बस्ती में हुई इस घटना में एक युवक सुमित बांधे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसके चलते पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से तनातनी चल रही थी। रविवार दोपहर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया और तभी एक पक्ष के युवक ने सुमित बांधे पर चाकू से हमला कर दिया। घायल सुमित को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई विजय बांधे ने बताया कि झगड़ा पहले किसी और से हो रहा था, लेकिन जब सुमित घर से निकला तो उसके साथ भी मारपीट की गई।

संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उन्हें मारपीट की सूचना मिली थी, जिसके बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है कि इस घटना में कुल कितने लोग शामिल थे, हमला आकस्मिक था या योजनाबद्ध, और चाकू किसने चलाया। घटना के बाद से ही जरहाभाठा इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Tags:    

Similar News