Chhattisgarh छत्तीसगढ़: बीएसपी के सीवेज पाइप लाइन विस्तार कार्य के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 4 मजदूरों की नाली में दबकर मौत हो गई। यह घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के सामने हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पाइप लाइन विस्तार का कार्य जेसीबी और चैन माउंटेन मशीन की मदद से किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंसने से कई मजदूर नाली में दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक चार मजदूरों की जान जा चुकी थी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और मजदूर सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।