Balod. बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा लाकर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस ने पूरी कार्रवाई में 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं, जो लंबे समय से अवैध कारोबार में सक्रिय थे। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहनों, मोबाइल फोन और नकदी को भी जब्त किया है। मामले का खुलासा 21 नवंबर को हुआ, जब सनौद थाना पुलिस ने अरकार गांव में कार्रवाई करते हुए भीषम सतनामी को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से दो पैकेट और पुड़िया में रखा कुल 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान भीषम ने बताया कि उसने यह गांजा कामता प्रसाद कोसरे से खरीदा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने कामता प्रसाद को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में कामता प्रसाद ने गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उसने बताया कि ग्राम खप्परवाड़ा निवासी दो सगे भाई ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल उसे गांजा उपलब्ध कराते थे। दोनों भाई करीब एक साल से उसके गांव में गांजा बेचने आते थे। कामता उनसे गांजा खरीदकर स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी मात्रा में बेचता था। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा बिक्री के तीन हजार रुपये और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने खप्परवाड़ा में घेराबंदी कर दोनों भाइयों के घर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ओमप्रकाश और कुलेश्वर पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा खरीदकर लाते थे और उसे अपने घर में छिपाकर रखते थे। इसके बाद स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री करते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से गांजा तस्करी का अवैध कारोबार शुरू किया था। वे एक बार में करीब 10 से 20 किलोग्राम गांजा खरीदकर लाते थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने इस अवैध कारोबार की शुरुआत से जुड़ी परिस्थितियों की भी जानकारी दी। आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने खेती छोड़कर एक पिकअप वाहन खरीदा था। वाहन को किराये पर चलाने के लिए वे कोलकाता और बनारस जाते थे।
हालांकि, इस काम में नुकसान होने और वाहन की किश्त नहीं चुका पाने के कारण उन्होंने पिकअप को भिलाई फल मंडी में किराये पर लगाना शुरू कर दिया। इसी दौरान वे फल और सब्जियां लाने के लिए ओडिशा जाने लगे। बाद में उन्होंने ओडिशा से गांजा लाकर बेचने का अवैध कारोबार शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों भाइयों के घर की तलाशी ली तो बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने लोहे की पेटी और दीवान के अंदर गांजा छिपाकर रखा था। तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 134 पैकेट मिले, जिनमें 136.56 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। बरामद गांजे की कीमत लगभग 68 लाख 27 हजार रुपये आंकी गई है। पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 138.551 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल एक पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने धारा 29 भी जोड़ी है। फिलहाल गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।