CG: अंबागढ़ चौकी में ट्रक ने 11 वर्षीय बच्ची को रौंदा, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-27 14:14 GMT
Manpur-Ambagarh Chowki. मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे और उसके बाद पुलिस पर हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। तेज और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक ने 11 वर्षीय बालिका को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक ने पुलिस से बचने के लिए भागने की कोशिश की और इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर भी ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। यह घटना 26 जून को ग्राम गुण्डरदेही थाना अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में हुई, जहां ट्रक क्रमांक एमएच 40 सीटी 6621 को देवेंद्र सिंह (उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम बारी खुर्द, तहसील तालबेहट, जिला ललितपुर (उत्तर प्रदेश) चला रहा था। बताया गया कि ट्रक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था, जिसके चलते 11 वर्षीय छात्रा पूनम खवास उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।

हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में लगाए गए बैरिकेड्स के पास पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने वाहन नहीं रोका और बैरिकेड तोड़ते हुए पुलिसकर्मियों पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस जवानों ने सतर्कता और सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचाई और किसी बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर आरोपी ट्रक चालक को कुछ दूरी पर घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से ट्रक को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। थाना अंबागढ़ चौकी में मामले में धारा 281 और 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर धारा 105 BNS भी जोड़ी गई है।

जिसमें 10 वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 भी लागू की गई है। इसके अलावा पुलिस बल पर जानलेवा हमला करने, शासकीय नाकाबंदी तोड़ने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में धारा 109(1) BNS और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। सभी धाराएं जमानती न होने के कारण आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला न केवल सड़क सुरक्षा उल्लंघन का है, बल्कि कानून व्यवस्था और पुलिस बल पर सीधा हमला करने का भी गंभीर उदाहरण है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक बालिका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी कानूनी कार्रवाई तेजी से की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News