CG NEWS: अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-26 15:38 GMT
Rajnandgaon. राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14.760 बल्क लीटर देशी शराब और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 47 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एसपी राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी डोंगरगढ़ के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया।

पहला मामला थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र का है, जिसमें अपराध क्रमांक 214/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई। पुलिस ने ग्राम मुरमुंदा पेट्रोल पंप के पास से आरोपी खिलेश निर्मलकर को उसकी मोटरसाइकिल CG-08 NB-2848 सहित पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 34 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जो 6.120 बल्क लीटर के बराबर है। जब्त शराब की कीमत करीब 2,720 रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 20,000 रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती लगभग 22,720 रुपये की हुई।

दूसरे मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 215/2026 के तहत कार्रवाई की। यह मामला ग्राम गाजमर्रा और राजकट्टा के बीच तालाब के पास सामने आया, जहां आरोपी आशीष कुमार सिन्हा और नरसिंह सिन्हा को मोटरसाइकिल CG-08 AN-7715 पर अवैध शराब परिवहन करते पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से 48 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जो 8.640 बल्क लीटर के बराबर है। इसकी कीमत लगभग 3,840 रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत करीब 25,000 रुपये बताई गई है। कुल जब्ती 28,840 रुपये की हुई।

पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक तुलाराम बांद सहित आरक्षक विजय साहू, रामखिलावन सिन्हा, मिथलेश पटेल, भूपेन्द्र वर्मा और चंद्रभान की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अवैध शराब बिक्री या परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Tags:    

Similar News