CG: किसान के खेत में आग, 2 लाख का सोलर सिस्टम जलकर खाक

छग

Update: 2026-05-29 18:27 GMT
Kanker. कांकेर। कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक स्थित ग्राम मुड़खुसरा में गुरुवार को एक किसान के खेत में आग लगने से भारी नुकसान हुआ। इस घटना में खेत में लगा सोलर सिंचाई सिस्टम पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जबकि फसल को भी आंशिक क्षति पहुंची है। घटना के बाद किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है और मामले की जांच की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किसान तुलसीराम साहू अपने खेत में सब्जी की खेती करते हैं। उन्होंने खेत में बरबट्टी की फसल लगाई थी और सिंचाई के लिए शासन की योजना के तहत वर्ष 2023 में सोलर पंप सिस्टम स्थापित किया था। यह सिस्टम बोरवेल से संचालित सिंचाई के लिए लगाया गया था, जिससे खेती में सुविधा मिलती थी।

गुरुवार सुबह जब किसान अपने खेत पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सोलर सिस्टम पूरी तरह जल चुका है। सोलर पैनल टूटे हुए और जमीन पर बिखरे पड़े थे। यह देखकर किसान और उनके परिजन परेशान हो गए। आग की वजह से खेत में लगी फसल को भी नुकसान पहुंचा है। किसान तुलसीराम साहू ने बताया कि इस घटना में उन्हें करीब 2 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है और सोलर सिस्टम के जल जाने से अब सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे आगे खेती करना मुश्किल हो जाएगा। घटना के बाद किसान ने पुलिस और प्रशासन से शिकायत कर जांच की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा खेत में
आग लगाई
गई हो सकती है।

किसान का कहना है कि कई बार खेतों में कटाई के बाद बचा हुआ पैरा जलाने से आग फैल जाती है और आसपास के खेतों तक पहुंच जाती है, जिससे ऐसे हादसे हो सकते हैं। ग्रामीणों ने भी इस घटना पर चिंता जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि खेत में अचानक इस तरह आग लगना संदेह पैदा करता है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। आसपास के लोगों ने भी आशंका जताई है कि यह सामान्य आगजनी का मामला नहीं हो सकता। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। किसान ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और नया सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वह दोबारा अपनी खेती की शुरुआत कर सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Tags:    

Similar News