CG: पारिवारिक विवाद ने ली खौफनाक रूप, दामाद ने टंगिया से सास की हत्या
छग
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम हिंछापुर में पत्नी से विवाद के बाद भड़के एक युवक ने अपनी ही सास पर टंगिया से हमला कर दिया। वारदात में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विवाद से उपजा हंगामा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम सुरेश कमार है, जो कोटाभर्री का रहने वाला है। वह सुबह से ही शराब के नशे में था और अपनी पत्नी कुलेश्वरी मकार के साथ मारपीट कर रहा था। लगातार झगड़े और मारपीट से तंग आकर पत्नी घर से भाग गई। पत्नी की तलाश में सुरेश अपनी सास के घर पहुंचा और उससे पूछताछ करने लगा। इसी दौरान सास ने उसे डांट दिया, जिससे आरोपी गुस्से से आगबबूला हो गया और उसने अपने पास रखे टंगिया से हमला कर दिया।
मौत की वजह बने ताबड़तोड़ वार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला पर कई जगह प्रहार किए।
गले पर गहरा वार
दाहिने कान के नीचे प्रहार
पीठ पर टंगिया से हमला
इन वारों से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान जगोतीन बाई कमार (40 वर्ष), पति गुलापु कमार निवासी हिंछापुर के रूप में हुई है।
FIR दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
घटना की रिपोर्ट ग्राम हिंछापुर निवासी प्रार्थी छोटेलाल ध्रुव (32 वर्ष), पिता कार्तिक राम ध्रुव ने सिहावा थाना में दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश कमार को गिरफ्तार कर लिया। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।
पारिवारिक विवाद बना खौफनाक हत्या की वजह
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना का मुख्य कारण पारिवारिक विवाद और शराब का नशा है। सुरेश कमार अक्सर अपनी पत्नी से झगड़ा करता था। शनिवार को भी यही विवाद बढ़ते-बढ़ते हत्या में बदल गया। गांव के लोगों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से शराब के आदी था और परिवार के साथ आए दिन विवाद करता था। कई बार पंचायत स्तर पर भी मामले को सुलझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन आदत में सुधार नहीं आया।
गांव में दहशत का माहौल
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोग घटना को बेहद निंदनीय बता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी ने जिस तरह से अपनी सास की हत्या की, उसने पूरे गांव को हिला दिया है। सिहावा थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है। साथ ही, उन्होंने लोगों से अपील की है कि घरेलू विवाद या पारिवारिक कलह को लेकर हिंसा का रास्ता न अपनाएं और ऐसे मामलों में पुलिस या पंचायत की मदद लें।