Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अवैध देह व्यापार के एक मामले का खुलासा करते हुए सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान में चल रहे इस अवैध कारोबार पर पुलिस ने दबिश देकर दो युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार शहर के नंदा हॉस्पिटल गली के पास स्थित एक किराए के मकान में पिछले काफी समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी जा रही थी। क्षेत्र के रहवासियों ने बताया कि मकान में दिन-रात अज्ञात लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे आसपास के लोगों को शक होने लगा था।
लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध मकान में दबिश दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से दो युवतियों और तीन युवकों को पकड़ा गया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि पकड़ी गई दोनों युवतियां मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की रहने वाली हैं, जबकि हिरासत में लिए गए तीनों युवक धमतरी जिले के ही निवासी हैं। पुलिस के अनुसार मौके से कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे, जो पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुट गई है। घटना की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को मिली, कॉलोनी के कई रहवासी सिटी कोतवाली थाना पहुंच गए। लोगों ने इस तरह की गतिविधियों पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के अवैध कारोबार से क्षेत्र का माहौल खराब होता है और युवाओं पर भी इसका गलत असर पड़ता है। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध गतिविधि के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। साथ ही मकान मालिक से भी पूछताछ की जा सकती है कि मकान किसे और किस आधार पर किराए पर दिया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए भी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपियों में सुशील गिलहरे (38 वर्ष) निवासी साल्हेवार पारा धमतरी, खुमान साहू (40 वर्ष) निवासी कर्मा चौक धमतरी और लोचन देवांगन (32 वर्ष) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी शामिल हैं। मामले की आगे की जांच सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही है।