Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एंटी करप्शन शाखा में सेवाएं दे चुके मदन नेगी का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। उन्होंने मंगलवार तड़के रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में अंतिम सांस ली। मिली जानकारी के अनुसार मदन नेगी लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल में जारी था। बीती रात करीब 1 बजे उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, पुलिस विभाग के अधिकारियों और परिचितों में शोक व्याप्त हो गया।
मदन नेगी मूल रूप से कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोदागांव के निवासी थे। उन्होंने अपने पुलिस सेवा कार्यकाल के दौरान विभिन्न जिम्मेदार पदों पर रहते हुए सेवाएं दीं। विशेष रूप से एंटी करप्शन विभाग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों में अपनी भूमिका निभाई थी। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक और पारिवारिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। उनके निधन को क्षेत्र के लोग एक बड़ी क्षति के रूप में देख रहे हैं। उनके सरल स्वभाव और सेवा भावना को लेकर लोग उन्हें याद कर रहे हैं। मंगलवार को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए गृह ग्राम कोदागांव लाया गया। जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार, परिचित और पुलिस विभाग से जुड़े लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। दोपहर करीब 3 बजे पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न किया गया।