Bilaspur. बिलासपुर। कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला कराने के लिए सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी को तारबाहर पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को हमला करने के लिए पैसे उपलब्ध कराए थे। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीन पटेल पिता दिव्यानंद पटेल उम्र 38 वर्ष निवासी मेन रोड तेलीपारा, अजीत होटल के पास थाना सिटी कोतवाली बिलासपुर के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी शिशिर कश्यप ने थाना तारबाहर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गया था। इसी दौरान घर वापस लौटते समय उसके पिता का फोन आया और उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6.45 बजे मॉर्निंग वॉक के दौरान रेलवे अस्पताल के पास तीन अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। शिकायत में बताया गया कि हमलावरों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और उनके हाथ में डंडे तथा नुकीली वस्तुएं थीं। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। बिलासपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में एएसपी क्राइम मधुलिका सिंह, एएसपी शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार (आईपीएस) और डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना तारबाहर और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई और कार्रवाई आगे बढ़ाई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी नितिन टेकाम, एक विधि से संघर्षरत बालक और आरोपी साहिल सोनकर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी नवीन पटेल तक पहुंची। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नवीन पटेल को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने श्याम कश्यप को जान से मारने के उद्देश्य से दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मोबाइल में मौजूद जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हमला कराने की पूरी साजिश, पैसे के लेन-देन और अन्य संदिग्धों के संबंध में पुलिस लगातार जानकारी जुटा रही है।