CG BREAKING: नए साल से पहले गांजा माफिया पर कडा प्रहार, 48 लाख का माल किया जब्त
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने इस साल की सबसे बड़ी गांजा तस्करी की कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना सरिया पुलिस ने सब्जी की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए 300 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई को लेकर खास बात यह है कि जनता से रिश्ता द्वारा पहले ही ड्रग तस्करी और नए साल से पहले बढ़ती नशे की गतिविधियों को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी, जिसकी पुष्टि अब इस बड़ी पुलिस कार्रवाई से हो गई है। नए साल के आगमन से पहले ड्रग तस्कर एक बार फिर सक्रिय होते नजर आ रहे हैं।
राजधानी रायपुर सहित आसपास के जिलों में वीआईपी रोड के महंगे क्लबों, रेस्टोरेंट, बार और फार्म हाउसों में रोजाना नशे की पार्टियां आयोजित की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि नए साल पर रायपुर शहर में लाखों-करोड़ों रुपये की पार्टियां होंगी और राजधानी के क्लबों में दुनिया की सबसे महंगी नशे की पार्टियों का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में पुलिस के लिए सतर्क रहना बड़ी चुनौती बन गया है। इसी कड़ी में सारंगढ़–बिलाईगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय द्वारा सभी थाना और चौकी प्रभारियों को जुआ, सट्टा, शराब और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय और उप पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में थाना सरिया पुलिस ने यह कार्रवाई की।
सब्जी की आड़ में गांजा तस्करी
पुलिस को 26 दिसंबर 2025 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है और आगे-आगे एक कार पायलेटिंग कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने खजूरिया तालाब, सरिया के पास घेराबंदी की और संदिग्ध सफेद रंग की पिकअप गाड़ी क्रमांक UP 64 CT 6904 को रोककर जांच की। जांच के दौरान पिकअप में ऊपर सब्जी की कैरेट रखी गई थी। जब पुलिस ने कैरेट हटाई तो नीचे 10 बोरियों में भरा 150 पैकेट गांजा, कुल वजन 300 किलो 200 ग्राम, बरामद हुआ। मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
आरोपी और नेटवर्क का खुलासा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार राजपूत उर्फ गुड्डू, पिता रामविलास राजपूत, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम बमरौली, थाना हुसैनगंज, जिला फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने चार अन्य साथियों के साथ उड़ीसा के बलांगीर से गांजा लेकर उत्तरप्रदेश के फतेहपुर ले जा रहा था। पुलिस ने पिकअप वाहन के आगे पायलेटिंग कर रही रेनॉल्ट काईगर कार क्रमांक UP 71 BJ 9550 को भी जब्त कर लिया है। इस कार में सवार अन्य चार आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
जब्त मशरूका
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है, जिसमें—
300 किलो 200 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 30 लाख रुपये)
पिकअप वाहन UP 64 CT 6904 (कीमत लगभग 1 लाख रुपये)
रेनॉल्ट काईगर कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) शामिल हैं।
कानूनी कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 278/25 धारा 20 (बी) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया में भेजा गया है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
टीम का सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के साथ सउनि सुमन चौहान, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिदार, मोहन गुप्ता, अनिल साहू, आरक्षक नरेंद्र चंद्रा, दिगंबर पटेल, राजेश नारंग, ताराचंद, श्रवण टंडन, साइबर सेल प्रभारी सउनि रामकुमार मानिकपुरी, विजय यादव, दीपक मैत्री, कृष्णा डनसेना सहित समस्त थाना स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
नए साल से पहले
यह कार्रवाई इस बात का स्पष्ट संकेत है कि नए साल से पहले ड्रग माफिया पूरी तरह सक्रिय है। पुलिस प्रशासन के लिए यह वक्त बेहद संवेदनशील है। यदि समय रहते सख्त निगरानी नहीं की गई, तो नशे की यह खेप राजधानी और बड़े शहरों में पहुंचकर युवाओं को अपनी चपेट में ले सकती थी। सारंगढ़–बिलाईगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल एक बड़ी खेप पकड़ी, बल्कि ड्रग सिंडिकेट को भी कड़ा संदेश दिया है।