CG BREAKING: दुर्ग यूनिवर्सिटी की वेबसाइट हैक,पाकिस्तानी साइबर अटैक की आशंका
पुलिस जल्द करेगी बड़ा खुलासा
Bhilai. भिलाई। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग (दुर्ग यूनिवर्सिटी) की आधिकारिक वेबसाइट को अज्ञात हैकर्स ने कल देर रात निशाना बनाया। इस साइबर हमले के दौरान कुछ समय के लिए वेबसाइट पर अंग्रेजी में अपशब्दों और धमकी भरा एक संदेश प्रदर्शित हुआ, जिसमें भारत-पाकिस्तान सीमा और साइबर स्पेस से जुड़ी चेतावनी दी गई थी। इस संदेश की भाषा और संदर्भ को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि यह हमला पाकिस्तानी हैकर्स द्वारा किया गया हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, हैक के दौरान वेबसाइट पर अपमानजनक कंटेंट अपलोड किया गया था, जिसमें स्पष्ट रूप से भारत को भविष्य में अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन की तत्परता से कुछ ही देर में वेबसाइट को शटडाउन कर दिया गया।
करीब 15 मिनट के अंदर ही इसे पुनः सामान्य स्थिति में बहाल कर लिया गया। इस संबंध में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार भूपेंद्र कुलदीप ने बताया कि, "वेबसाइट तकनीकी कारणों से हैंग हो गई थी। हमने तत्काल शटडाउन कर आवश्यक सुधार करते हुए उसे 15 मिनट के भीतर रिस्टोर कर लिया है। अब वेबसाइट पूरी तरह सामान्य रूप से कार्य कर रही है।" साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की घटनाएं न केवल शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा पर सवाल उठाती हैं, बल्कि यह भी दर्शाती हैं कि दुश्मन ताकतें भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने के नए-नए रास्ते तलाश रही हैं। मामला गंभीर होने के कारण इसकी सूचना उच्च स्तर पर भेजी गई है और संभावित साइबर हमले की विस्तृत जांच की जा रही है।