Khairagarh. खैरागढ़। खैरागढ़ जिले के छुईखदान क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस में ड्यूटी पर तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की तेज आवाज से पूरे पैलेस परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी जवानों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक जवान की पहचान Kripachand Sonwani (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से Bhilai का रहने वाला था। घटना सोमवार शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच की बताई जा रही है। इस घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक Balajirao Somawar ने की है।
बताया जा रहा है कि घटना Udaipur Palace परिसर में हुई, जहां राजपरिवार की संपत्ति होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहती है। पूर्व विधायक Devvrat Singh के निधन के बाद से राजपरिवार में चल रहे पारिवारिक विवाद को देखते हुए प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और Kamal Vilas Palace को सील कर रखा है। दोनों परिसरों की सुरक्षा के लिए सीएएफ के जवानों की तैनाती की गई है और अलग-अलग शिफ्ट में उनकी ड्यूटी लगाई जाती है। जानकारी के अनुसार सोमवार को भी सामान्य दिनों की तरह जवान कृपाचंद सोनवानी अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। साथी जवानों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से तनाव में दिखाई दे रहा था, लेकिन उस समय किसी ने इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। इसी बीच शाम के समय अचानक गोली चलने की तेज आवाज से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। आवाज सुनकर साथी जवान तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि कृपाचंद सोनवानी जमीन पर खून से लथपथ पड़ा हुआ है।
उसने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद पर फायर कर लिया था। आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के मुताबिक कृपाचंद सोनवानी रविवार को ही छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने किसी घरेलू या निजी कारणों के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया हो सकता है। हालांकि अभी तक मौके से कोई सुसाइड नोट या अन्य ठोस सबूत बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने घटना के बाद पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक जवान के साथियों और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।