CG BREAKING: 60 किलो गांजा और वैन्यू कार जब्त, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
छग
Jashpur. जशपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर वैन्यू कार से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया है। जब्त गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच थाना बागबहार पुलिस को जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक वैन्यू कार क्रमांक UP-91-U 6302 में बड़ी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में थाना बागबहार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान गांधी चौक बागबहार के पास संदिग्ध वैन्यू कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विकास चौधरी (27 वर्ष) निवासी समस्तीपुर, बिहार तथा वर्तमान निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश बताया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की विधिवत तलाशी ली।
डिक्की से मिले 60 पैकेट गांजा
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में प्लास्टिक टेप से लिपटे हुए 60 पैकेट मिले। पुलिस ने पैकेटों को खोलकर जांच की तो उनमें करीब 60 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल वैन्यू कार को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये, जबकि वैन्यू कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। इस तरह कुल करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था गांजा
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को गांजा किस व्यक्ति से मिला था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस मामले की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार किए जाने के आधार पर पुलिस ने आरोपी विकास चौधरी को विधिवत गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ थाना बागबहार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कार्रवाई
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी है। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक ललित कुमार यादव, प्रधान आरक्षक लव चौहान, आरक्षक अजय खेस, आरक्षक पवन पैंकरा तथा जशपुर पुलिस की साइबर/टेक्निकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।