CG: जमीन विवाद में हुई हत्या का फरार आरोपी अन्नु चन्द्राकर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-22 12:31 GMT
Mungeli. मुंगेली। मुंगेली जिले के थाना लालपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बांधा में जमीन विवाद को लेकर 09 जनवरी 2026 को हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली, भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में फरार आरोपी अन्नु कुमार चन्द्राकर को बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना के दिन ग्राम बांधा निवासी रामकुमार कश्यप (62 वर्ष) की हत्या उनके पुत्र सुखदेव कश्यप की उपस्थिति में जमीन विवाद को लेकर की गई थी। आरोपियों में अयोध्या प्रसाद कुर्मी, अन्नु कुमार कुर्मी, रामफल कश्यप, कुंजबिहारी कश्यप, संतोष कश्यप, नंदकुमार कश्यप, धनराज कश्यप, राजू कश्यप, डोमन निषाद, राधेश्याम कश्यप, सुरेश कश्यप और एक अपचारी बालक शामिल थे। आरोपियों ने एक राय होकर गाली-गलौच और प्राणघातक हमला किया।

घटना के समय आरोपियों ने लाठी, डंडा और तब्बल से रामकुमार कश्यप को मारकर गंभीर चोटें पहुंचाईं। उसके बाद मृतक के ऊपर ट्रैक्टर ट्रॉली चढ़ाकर बस्ती की ओर ले गए। इसी क्रम में लक्ष्मीनारायण कश्यप पर भी प्राणघातक हमला किया गया। इस गंभीर घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर पंचनामा कार्यवाही की और आरोपियों के खिलाफ थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 03/26 धारा 103(1), 109(1), 191(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। 11 जनवरी को रामफल कश्यप, धनराज कश्यप, राजू कश्यप, डोमन निषाद, नंदकुमार कश्यप और सुरेश चन्द्राकर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। बालक आरोपी को सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर न्यायालय आदेशानुसार बाल सम्प्रेषण गृह भेजा गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया।

इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल और लालपुर पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की गई। 22 फरवरी 2026 को तकनीकी और मुखबीर सूचना के आधार पर फरार आरोपी अन्नु कुमार चन्द्राकर को बिलासपुर के एकतानगर में छिपते हुए पाया गया। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने घटना की सारी साजिश और ट्रैक्टर के माध्यम से हत्या करने की बात स्वीकार की। मौके से ट्रैक्टर को जप्त कर लिया गया। अन्नु कुमार चन्द्राकर (23 वर्ष) पिता अयोध्या, निवासी ग्राम बांधा, थाना लालपुर, जिला मुंगेली को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, उपनिरीक्षक सुन्दरलाल गोरले, थाना प्रभारी लालपुर और साइबर सेल स्टाफ की अहम भूमिका रही। इस मामले में पुलिस की सतर्कता और फरार आरोपियों की लगातार खोजबीन से हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्याय व्यवस्था के शिकंजे में लाने में सफलता मिली है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी और कानून के अनुसार सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
Tags:    

Similar News