Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार को एक हंसती-खेलती पिकनिक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई, जब एक 20 वर्षीय युवक की रॉक गार्डन बोतल्दा के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान बिहार निवासी सचिन कुमार साह के रूप में हुई है, जो हाल ही में रायगढ़ के जूटमिल इलाके में अपने जीजा के साथ रह रहा था और प्राइवेट नौकरी करता था। खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली यह घटना सुबह उस समय हुई जब सचिन अपने 8-10 दोस्तों के साथ बाइक से लगभग 45 किलोमीटर दूर स्थित बोतल्दा रॉक गार्डन पिकनिक मनाने पहुंचा था। सभी दोस्त पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान नहाते समय सचिन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। शुरुआत में दोस्तों को कुछ समझ नहीं आया।
लेकिन जब कुछ देर तक वह पानी से बाहर नहीं आया, तब चिंता बढ़ी। घबराए दोस्तों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद सचिन का शव पानी में मिला। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही खरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रायगढ़ भेज दिया है। सचिन की मौत से दोस्तों और परिजनों में गहरा शोक है। पिकनिक के लिए उत्साह से निकला युवक अब लौटकर घर नहीं आ सका। यह हादसा ना सिर्फ परिवार के लिए बल्कि उसके दोस्तों के लिए भी गहरा सदमा बन गया। पुलिस ने इस घटना के संबंध में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी जलाशय, डेम या प्राकृतिक जल क्षेत्र में नहाने के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतें। अक्सर पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं। रॉक गार्डन बोतल्दा जैसे प्राकृतिक स्थल पर तैराकी या नहाने के दौरान गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं होती हैं। यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि प्राकृतिक स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय और चेतावनी संकेत कितने जरूरी हैं। प्रशासन और पर्यटन विभाग को भी ऐसे स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को टाला जा सके।