CG: 60 लाख की ठगी, ठगबाज गिरफ्तार

छग

Update: 2024-10-05 18:10 GMT
Manendragarh. मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में 20 महीने में निवेश की गई रकम को दोगुना करने का झांसा देकर लोगों से करीब 60 लाख रुपए की ठगी की गई। पुलिस ने मध्य प्रदेश के शहडोल निवासी आरोपी कलाम अली को गिरफ्तार किया है। मामला मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र का है। दरअसल, मनेंद्रगढ़ मौहारपारा निवासी महिला रेहाना परवीन (45) ने 23 मई को मनेंद्रगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अमलई, शहडोल (म.प्र.) का निवासी कलाम अली अप्रैल 2021 में मौहार पारा आया था। उसने एकजोत कंपनी और विजन 2022-2023 में रुपए जमा करने पर 20 महीने में निवेश रकम दोगुना होने का झांसा दिया।

रेहाना परवीन ने झांसे में आकर 19 अप्रैल 2021 को 50 हजार पहली बार जमा किया। अंतिम बार उसने 20 जून 2023 को डेढ़ लाख रुपए जमा किया। अन्य लोगों ने भी झांसे में आकर लाखों रुपये जमा कराए। कलाम अली ने लोगों को विश्वास में लेने के लिए आरबीआई का फर्जी सर्टीफिकेट दिखाया। रेहाना परवीन सहित अन्य ग्राहकों को उसने पूर्व में जमा रुपए का 10 प्रतिशत प्रतिमाह वापस भी किया। इससे अन्य लोगों ने भी बांड में पैसा जमा करना शुरू कर दिया। रेहाना परवीन ने रिपोर्ट में बताया कि, मौहारपारा के मो. रिजवान (30), रोहित सिंह (29), गुलशन परवीन (31), विजय लक्ष्मी (53) मालती साहू (33), फिरोज अहमद (40) से पैसे जमा कराए गए। सभी को बांड पेपर भी आरोपी ने दिया था।

पीड़ितों के अनुसार आरोपी कलाम अली ने स्कीम विजन-2022 में एक लाख रुपए जमा करने पर 20 महीने में रकम दोगुना करने का झांसा देकर बताया कि 10,000 रुपए ग्राहक को 20 माह तक नियमित रूप से प्राप्त होते रहेंगे। लोगों को विश्वास में लेकर आरोपी ने कंपनी में करीब 60 लाख रुपए जमा कराए और राशि वापस नहीं की। थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने बताया कि, मनेंद्रगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी कलाम अली (44) को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 420 की कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
Tags:    

Similar News

-->