Jashpur. जशपुर। जिले में आगामी 27 नवम्बर को आयोजित होने वाले किसान महतारी सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने सम्मेलन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सीईओ ने बताया कि सम्मेलन का आयोजन कुनकुरी विकासखंड के ग्राम नारायणपुर में किया जाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम से पहले लोकार्पण, भूमिपूजन तथा हितग्राहियों की सूची समय पर तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्यक्रम के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
अभिषेक कुमार ने कार्यक्रम स्थल पर की जाने वाली तैयारियों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, बैठक व्यवस्था, अतिथियों के लिए प्रोटोकॉल, आमंत्रण पत्र वितरण और पार्किंग व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, साउंड सिस्टम, पेयजल प्रबंधन, जलपान, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सीईओ ने कहा कि किसान महतारी सम्मेलन जिले के किसानों और महिला समूहों के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय जरूरी है। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू ने भी महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की।
उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की स्थिति का विस्तृत परीक्षण करते हुए अधिकारियों को लंबित आवेदनों का समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से निराकरण करने के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान है, इसलिए अधिकारी जनदर्शन से जुड़े प्रकरणों को गंभीरता से लें। उन्होंने आगे कहा कि इन दिनों अवैध धान परिवहन की शिकायतें बढ़ रही हैं, इसलिए यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखे या जानकारी मिले, तो संबंधित अधिकारी तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे और सभी से सम्मेलन के सुचारु आयोजन में सहयोग करने की अपील की गई। प्रशासन का मानना है कि किसान महतारी सम्मेलन ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों के हित और महिला सशक्तिकरण को गति देने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम साबित होगा।