रायपुर: ऑनलाइन महादेव सट्टा एप पर केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सट्टा सिंडिकेट के प्रमुख सदस्यों में शामिल अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दुबई से भारत लौटने के बाद हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचते ही सीबीआई ने उसे दबोच लिया।
सीबीआई को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक अभिषेक ने बेटिंग पैनल को कोऑर्डिनेट करने, फंड इकट्ठा करने और गैर-कानूनी कामों से मिली कथित कमाई का इस्तेमाल कर दुबई में अचल संपत्ति खरीदने अहम भूमिका निभाई थी। तलाशी के दौरान अभिषेक के पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। सीबीआई के अफसरों ने आरोपी से मिली सामग्री को पहली नजर में महादेव बेटिंग ऐप के संचालन से जुड़े होने की आशंका जताई है। गिरफ्तार आरोपी सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था।
महादेव सट्टा एप के फरार प्रमोटरों को भारत वापस लाने जांच एजेंसी कोशिश कर रही है। इसके लिए अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे गए हैं। वहीं, 2 आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्रवाई चल रही है। अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार में शामिल सभी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ अपराध से अर्जित रकम का पता लगाने की कार्रवाई जारी रखने की बात सीबीआई ने कही है।
गिरफ्तारी के बाद अभिषेक को हैदराबाद की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। जांच एजेंसी के आवेदन पर कोर्ट ने तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दी। बाद में उन्हें रायपुर की सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया और दो दिन के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। महादेव सट्टा एप को लेकर राज्य के अलग-अलग थानों में 13 एफआईआर दर्ज हैं।
Tags: