बूढ़ा महादेव मंदिर में दर्शन के दौरान महिला श्रद्धालु के पर्स से नकदी चोरी, CCTV में कैद हुई घटना
छग
Bilaspur. बिलासपुर। रतनपुर के प्रसिद्ध बूढ़ा महादेव मंदिर में दर्शन के दौरान एक महिला श्रद्धालु के पर्स से नकदी चोरी का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। घटना कोरबा जिले के पोड़ीबहार निवासी रेखा सिंह के साथ उस वक्त हुई जब वह मंदिर में पूजा कर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला दर्शन करने के बहाने मंदिर में दाखिल हुई और मौका पाकर रेखा सिंह के पास रखे पर्स से नकदी निकाल ली। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि आरोपी महिला भगवान के दर्शन का बहाना बनाकर पर्स उठाती है, पैसे निकालती है और पर्स को वहीं रखकर चुपचाप मंदिर से निकल जाती है। घटना की जानकारी मिलते ही रेखा सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।