Surguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ धारा 107 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटना 8 अगस्त 2026 की है। जानकारी के अनुसार, बलरामपुर क्षेत्र के दहेजवार स्थित किराए के मकान में दोपहर करीब एक बजे किशोरी ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के समय उसके माता-पिता राशन लेने के लिए राशन दुकान गए हुए थे।
बताया जा रहा है कि पड़ोस में रहने वाली किशोरी की नानी ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन तत्काल घर पहुंचे। खिड़की से देखने पर किशोरी फंदे पर लटकी हुई दिखाई दी। आसपास के लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया और किशोरी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने किशोरी के माता-पिता, बहन और उसकी सहेली सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान पुलिस को किशोरी के इंस्टाग्राम चैट से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, इंस्टाग्राम चैट की जांच में चांदो रोड बलरामपुर निवासी समीर खान (18) का नाम सामने आया। जांच में आरोप है कि आरोपी युवक पिछले करीब दो साल से किशोरी को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पिछले छह महीने से आरोपी युवक के व्यवहार में बदलाव आया था। आरोप है कि वह किशोरी से गाली-गलौज करने लगा था, उसे धमकी देता था और बातचीत से दूरी बनाने लगा था। साथ ही वह अन्य लड़कियों से भी बातचीत करने लगा था।
जांच के अनुसार, किशोरी लगातार आरोपी से बात करने का प्रयास करती रही, लेकिन आरोपी उसकी बातों को नजरअंदाज करता रहा। पुलिस को मिले इंस्टाग्राम संदेशों में किशोरी ने अपने परिचितों से अपनी परेशानी साझा की थी। पुलिस के अनुसार, किशोरी ने मैसेज में लिखा था कि आरोपी ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है और अब उससे पीछा छुड़ाने की कोशिश कर रहा है। उसने यह भी लिखा था कि उसके पास मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
मर्ग जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी समीर खान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए डिजिटल साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Tags: