Kanker. कांकेर। जिले के बांदे थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा घर पहुंचकर परिवार को धमकाने और चाकू दिखाकर डराने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और चाकू दिखाकर भय उत्पन्न करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, आवेदक जगत पवार पिता स्वर्गीय सब्बीर पवार उम्र 55 वर्ष निवासी बेलगाल थाना बांदे जिला उत्तर बस्तर कांकेर ने थाने पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन की जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी संजीत विश्वास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
शिकायत में जगत पवार ने बताया कि 22 जुलाई 2026 की रात वह अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। घर के अंदर उनकी बहू सरिता पवार और बेटी मनिषा पवार अपने-अपने कमरे में सो रही थीं। रात करीब 11.30 बजे एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाने लगा। आवाज सुनकर जगत पवार की नींद खुली और उन्होंने बाहर से आवाज लगाकर पूछा कि कौन है। इस पर युवक ने अपना नाम संजीत विश्वास बताते हुए कहा कि वह उनकी बेटी को पसंद करता है और उनकी बेटी भी उसे पसंद करती है। आरोपी ने कहा कि वह उनकी बेटी से शादी करेगा।
पीड़ित के अनुसार, उस समय आरोपी शराब के नशे में था। जब उन्होंने आरोपी को घर से जाने के लिए कहा तो वह गाली-गलौज करने लगा। आरोपी ने कथित रूप से कहा कि वह उनकी बेटी से शादी करके रहेगा। इसके बाद उसने अपने पास रखा बड़ा चाकू निकाल लिया और उसे दिखाकर डराने लगा। आरोपी की हरकत से परिवार के लोग डर गए। जगत पवार ने जोर से आवाज लगाई, जिसके बाद उनकी बहू और बेटी कमरे से बाहर आ गईं। परिवार के अन्य सदस्यों को देखकर आरोपी वहां से भागने लगा। जाते समय आरोपी अपनी मोटरसाइकिल घर के आंगन में छोड़ गया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना के बाद से वे डरे हुए हैं। आरोपी की धमकी और चाकू दिखाने की घटना से परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी संजीत विश्वास पीव्ही-92 धरमपुर छोटेबेठिया क्षेत्र का रहने वाला है। घटना के अगले दिन बारिश होने के कारण पीड़ित थाना नहीं पहुंच सका। इसके बाद 24 जुलाई 2026 को वह बांदे थाना पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।