कार चालक ने बछड़े को दो बार रौंदा, वीडियो वायरल होने पर आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-09-02 15:52 GMT
Mungeli. मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जरहागांव थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बरेला के आवासपारा में 1 सितंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे एक कार चालक ने सड़क किनारे बैठे मासूम बछड़े को इतनी बेरहमी से कुचला कि पूरे क्षेत्र में आक्रोश की लहर फैल गई। पहले उसने आगे से टक्कर मारी, फिर गाड़ी रोककर जानवर को रिवर्स में कुचल दिया। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोग और गौसेवा संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा।

कैसे हुई घटना?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार क्रमांक CG-10 BX-5577 का चालक नवीन कारड़ा इलाके से गुजर रहा था। रास्ते में सड़क किनारे बैठा एक बछड़ा उसकी गाड़ी की चपेट में आ गया। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चालक ने जानबूझकर बछड़े को टक्कर मारने के बाद गाड़ी रोकी और फिर रिवर्स करते हुए उसी जानवर को दोबारा कुचल दिया। इस क्रूर हरकत से मौके पर ही बछड़े की मौत हो गई।

वीडियो वायरल होते ही मचा हंगामा
जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पूरे बरेला नगर और आसपास के इलाकों में आक्रोश फैल गया। लोग इसे दुर्घटना नहीं बल्कि सीधी अमानवीयता और पशु-क्रूरता करार दे रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी चालक को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

गौसेवा संगठनों का आक्रोश
भारतीय गौ क्रांति मंच मुंगेली के अध्यक्ष अभय सिंह ठाकुर ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए जरहागांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उनका कहना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि पूरी तरह से सोची-समझी बर्बर हरकत है। गौसेवकों ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि इंसानियत को शर्मसार करने वाले ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की क्रूरता न कर सके। संगठन ने जल्द ही इस विषय पर एक बड़ी बैठक बुलाने की घोषणा की है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। अपराध क्रमांक 128/2025 दर्ज करते हुए आरोपी नवीन कारड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया और घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी पर धारा 281, 325 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के बाद इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए शर्मनाक हैं। यह सिर्फ कानून का मामला नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा हुआ मुद्दा है। ग्रामीणों ने कहा कि एक निर्दोष पशु को इतनी निर्दयता से कुचल देना सभ्य समाज पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
Tags:    

Similar News